सिंगरौली में खनिज विभाग ने रविवार सुबह अवैध खनिज परिवहन की आशंका में तीन वाहन जब्त किए हैं। इनमें कोयले से भरा एक ट्रक और रेत व गिट्टी से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां शामिल हैं। विभाग के मुताबिक, तीनों वाहनों की कीमत करीब 21 लाख रुपए आंकी गई है। जब्त वाहनों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। ट्रांजिट परमिट नहीं मिला, ट्रक जब्त खनिज विभाग के इंस्पेक्टर रामसुशील चौरसिया ने दैनिक भास्कर को बताया कि बरगवां क्षेत्र में सड़क से गुजर रहे कोयले से भरे ट्रक को रोककर जांच की गई। चालक से परिवहन संबंधी ट्रांजिट परमिट मांगा गया, लेकिन वह उपलब्ध नहीं करा सका। इसके बाद अवैध परिवहन की आशंका में ट्रक जब्त कर बरगवां थाने में खड़ा कराया गया। ट्रक की कीमत करीब 12 लाख रुपए बताई गई है। बरगवां में बिना नंबर प्लेट की ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी कार्रवाई के दौरान बरगवां क्षेत्र में गिट्टी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त की गई। जांच में वाहन के पास परिवहन संबंधी परमिट नहीं मिला। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। विभाग ने वाहन को जब्त कर उसके दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। गोरबी में रेत से भरी ट्रॉली जब्त खनिज विभाग की टीम ने गोरबी क्षेत्र में रेत से भरी एक अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी। विभाग के अनुसार, वाहन से रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा था। इसे भी जब्त कर लिया गया है। रेत और गिट्टी से भरी दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों सहित उनकी कीमत करीब 9 लाख रुपए आंकी गई है। दस्तावेज नहीं मिले तो हो सकती है राजसात की कार्रवाई इंस्पेक्टर रामसुशील चौरसिया के मुताबिक, तीनों वाहनों के दस्तावेजों और परिवहन संबंधी अनुमति की जांच की जा रही है। नियमानुसार आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर संबंधित मामलों में जुर्माना लगाने के साथ वाहन राजसात करने की कार्रवाई भी की जा सकती है। फिलहाल विभाग की ओर से आगे की जांच की जा रही है।

