चोरी की गाड़ी बरामद करने पहुंची पुलिस और चोर के बीच मुठभेड़ जैसी स्थिति बन गई। इसमें आरोपी से चली गोली उसके पैर में लग गई और घायल हो गया। घायल आरोपी की पहचान गुरुहरसहाय (फिरोजपुर) निवासी रमन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया गया है। यह पिकअप गाड़ी बठिंडा से शनिवार रात चोरी हुई थी। गाड़ी के चालक भीष्म पितामह (निवासी बठिंडा) के अनुसार, शनिवार रात पिकअप चोरी होने का पता चलते ही तुरंत पुलिस को सूचित किया गया था। पिकअप में जीपीएस सिस्टम (GPS) लगा हुआ था, जिसके जरिए पुलिस को गाड़ी की पल-पल की लाइव लोकेशन मिलती रही। बठिंडा पुलिस के एएसआई सुखदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जीपीएस लोकेशन का पीछा करना शुरू किया। फायरिंग के दौरान खुद की गोली से घायल हुआ आरोपी पुलिस टीम पीछा करते हुए फरीदकोट के तलवंडी रोड पहुंची, जहां चोरी की गई पिकअप खड़ी मिली। प्राथमिक जांच के अनुसार, आरोपी पिकअप को एक अन्य कार से टो करके फरीदकोट लाए थे। जब पुलिस पार्टी ने आरोपी को पकड़ने के लिए घेराबंदी की, तो उसने बचाव में अपनी पिस्तौल से पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस दौरान पुलिस कर्मचारी बाल-बाल बच गए, लेकिन गोली चलाते समय संतुलन बिगड़ने से गोली आरोपी रमन कुमार के अपने ही पैर में जा लगी, जिससे वह मौके पर ही गिरकर घायल हो गया।

