आरक्षक की पत्थलगांव में पेड़ पर लटकी मिली लाश:कोरबा SP कार्यालय की स्टेनो शाखा में था पदस्थ, मौत की वजह स्पष्ट नहीं

आरक्षक की पत्थलगांव में पेड़ पर लटकी मिली लाश:कोरबा SP कार्यालय की स्टेनो शाखा में था पदस्थ, मौत की वजह स्पष्ट नहीं

कोरबा पुलिस अधीक्षक कार्यालय की स्टेनो शाखा में पदस्थ आरक्षक नरहरि पटेल (38) की लाश जशपुर जिले के पत्थलगांव में पेड़ पर फांसी के फंदे से लटकी मिली है। घटना की सूचना पत्थलगांव थाना पुलिस ने फोन कर कोरबा पुलिस को दी। खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि आरक्षक की लाश पेड़ पर सफेद रंग की चुन्नी के फंदे से लटकी हुई मिली। ग्रामीणों की नजर जब लाश पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल पत्थलगांव थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पहचान की कार्रवाई शुरू की। मृतक की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई। इसके बाद परिजन कोरबा से घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। आरक्षक किन परिस्थितियों में पत्थलगांव पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। वह कोरबा से पत्थलगांव कब और किस वजह से गया था, इसकी भी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। 2013 बैच में हुई थी भर्ती, पत्नी और छोटी बेटी मृतक की पहचान 38 वर्षीय नरहरि पटेल, पिता गोवर्धन प्रसाद पटेल के रूप में हुई है। वह वर्ष 2013 में पुलिस विभाग में भर्ती हुआ था। उसकी वर्तमान तैनाती सिविल लाइन रामपुर में थी। वह 27 सितंबर 2023 से वहां पदस्थ था, जबकि पुलिस अधीक्षक कार्यालय की स्टेनो शाखा में काम कर रहा था। वह मानिकपुर की दादर बस्ती में रहता था। उसके परिवार में पत्नी और एक छोटी बेटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह फिलहाल पत्थलगांव पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों के घटनास्थल पर पहुंचने और वैधानिक कार्रवाई पूरी होने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *