हरदोई के बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह अतरौली-कोथावा मार्ग पर दुकानों के बरामदे में रह रहे एक युवक की हत्या कर दी गई। साधु के वेश में रह रहे युवक पर कुल्हाड़ी से हमला करने के बाद ईंट से उसका चेहरा बुरी तरह कूच दिया गया। मृतक की पहचान जियानखेड़ा निवासी बबलू के रूप में हुई है। वारदात के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी को घेर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। घटनास्थल से कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है। बबलू चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके दो भाइयों की बीमारी से मौत हो चुकी थी, जबकि उसकी इकलौती बहन लुधियाना में रहती है। बेटे की हत्या की खबर मिलने पर मां शिव देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बबलू अविवाहित था। पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। कुल्हाड़ी से हमला कर ईंट से चेहरा कूचा जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब छह बजे दुकानों के बाहर बबलू पर हमला किया गया। आरोप है कि हमलावर ने पहले कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद पास में पड़ी ईंट से उसका चेहरा कूच दिया। हमले में बबलू की मौत हो गई। वारदात देखकर आसपास के दुकानदारों, राहगीरों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने घेरकर आरोपी को पकड़ा वारदात के बाद ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही घेर लिया, जिससे वह भाग नहीं सका। इसके बाद बेनीगंज कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी बरामद की गई है। परिवार में अकेला बचा था बबलू बबलू चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके दो भाइयों की बीमारी के चलते पहले ही मौत हो चुकी थी। उसकी इकलौती बहन लुधियाना में रहती है। मां शिव देवी बेटे का शव देखकर बदहवास हो गईं। बबलू की शादी नहीं हुई थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। हत्या की वजह तलाश रही पुलिस अभी तक हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपी से पूछताछ कर रही है। एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जल्द ही वारदात के कारणों का पता लगाकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

