आगामी त्योहारों को देखते हुए प्रयागराज पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। शनिवार को पुलिस कमिश्नर मनीष मोर्डिया ने डीसीपी सिटी सागर जैन और पुलिस फोर्स के साथ सिविल लाइंस समेत शहर के कई इलाकों में पैदल मार्च किया। इस दौरान उन्होंने बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही सभी डीसीपी, एसीपी और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतने और लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। बाजारों और प्रमुख चौराहों पर बढ़ेगी निगरानी पुलिस कमिश्नर ने त्योहारों के दौरान बाजारों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद रखने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों से कहा गया कि वे अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करें। त्योहारों के दौरान लोगों की आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है। संदिग्ध वाहनों की चेकिंग, ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों के चालान पैदल मार्च के दौरान यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। पुलिस ने सड़कों पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों के चालान भी किए गए। इसके अलावा पार्किंग और नो-पार्किंग व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए गए, ताकि बाजारों और प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति न बने। यातायात और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश पुलिस कमिश्नर ने सभी पुलिस अधिकारियों को आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की सक्रियता बनाए रखने और सड़कों पर यातायात सुचारु रखने पर जोर दिया। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम लोगों की आवाजाही को सुगम बनाना है।

