पीएम मोदी का चेन्नई दौरा आज, 13 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, 15 हजार पुलिसकर्मी तैनात

पीएम मोदी का चेन्नई दौरा आज, 13 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, 15 हजार पुलिसकर्मी तैनात

PM MODI: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को चेन्नई के दौरे पर रहेंगे, जहां वे 13,000 करोड़ रुपए से अधिक लागत की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। सड़क, रेलवे, मेट्रो, बंदरगाह, ऊर्जा और वैज्ञानिक अनुसंधान से जुड़ी इन परियोजनाओं को तमिलनाडु के बुनियादी ढांचे को नई गति देने वाला माना जा रहा है। प्रधानमंत्री सुबह चेन्नई मेट्रो के पोरूर बाईपास स्टेशन से पूंदमल्ली बाईपास स्टेशन तक मेट्रो यात्रा करेंगे। इसके बाद वे जलकंडेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और फिर आइआइटी मद्रास स्थित सुधा गोपालकृष्णन मस्तिष्क केंद्र का दौरा करेंगे। यहां वे मानव मस्तिष्क के त्रि-आयामी मानचित्रण से जुड़े एक वैश्विक वैज्ञानिक मिशन का शुभारंभ करेंगे तथा स्ट्रोक अनुसंधान के लिए तैयार किए गए सी-स्ट्रोक एटलस को जारी करेंगे।

पीएम मोदी का ये है पूरा प्लान

दोपहर में प्रधानमंत्री चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के पूंदमल्ली-वडपलनी खंड का उद्घाटन करेंगे। लगभग 4,900 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित यह कॉरिडोर चालक-रहित ट्रेन संचालन और अत्याधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली से लैस है। इससे चेन्नई के पश्चिमी उपनगरों और शहर के मुख्य हिस्सों के बीच आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। मोदी करीब 3,700 करोड़ रुपए की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। इनमें एनएच-744 पर वडुगापट्टी-थेरकुवेंगनल्लूर चार लेन खंड, एनएच-744ए पर मदुरै रिंग रोड और नागपट्टिनम-तंजावुर मार्ग पर तिरुवरूर बाईपास परियोजना शामिल हैं। इनसे सड़क संपर्क मजबूत होने और यातायात जाम कम होने की उम्मीद है। रेलवे क्षेत्र में कारैकाल-पेरालम रेल लाइन, कोयंबत्तूर क्षेत्र के तीन रेल ओवरब्रिज तथा पलनी, वेलूर छावनी, अंबासमुद्रम, परमकुडी और नमक्कल के अमृत भारत स्टेशनों का उद्घाटन किया जाएगा। इन परियोजनाओं की कुल लागत 750 करोड़ रुपए से अधिक है।

प्रधानमंत्री चेन्नई, वीओ चिदंबरनार और कामराजार बंदरगाहों में कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वेीं सीपीसीएल की मनाली रिफाइनरी में 1,620 करोड़ रुपए की ल्यूब ऑयल बेस स्टॉक्स परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे।

रेड जोन

दौरे के मद्देनजर ग्रेटर चेन्नई पुलिस ने अभूतपूर्व पांच स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। करीब 15,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। मीनम्बाक्कम, गिंडी, कोटूरपुरम, पोरुर और नंदम्बाक्कम को रेड जोन घोषित किया गया है। एयरपोर्ट, मेट्रो स्टेशन, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रधानमंत्री के यात्रा मार्गों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। ड्रोन और अन्य मानव रहित उड़ान उपकरणों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। पुलिस ने नागरिकों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *