एक ही दिन में दबोचे गए 2 शातिर बदमाश:डबोक थाना पुलिस और डीएसटी की ताबड़तोड़ कार्रवाई, अवैध पिस्टल और कारतूस जब्त

एक ही दिन में दबोचे गए 2 शातिर बदमाश:डबोक थाना पुलिस और डीएसटी की ताबड़तोड़ कार्रवाई, अवैध पिस्टल और कारतूस जब्त

उदयपुर में डबोक थाना पुलिस और डीएसटी (जिला स्पेशल टीम) ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों ऑपरेशनों में दो शातिर बदमाशों को दबोचकर उनके कब्जे से दो अवैध देशी पिस्टल, मैगजीन और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई हुई। डबोक थानाधिकारी सूर्यभानसिंह और डीएसटी प्रभारी चंद्रपाल सिंह की संयुक्त टीमों ने मुखबिर की सटीक सूचना पर यह ताबड़तोड़ कार्रवाई की। पहली कार्रवाई में पुलिस ने मेड़ता गांव के पास नाकाबंदी कर डबोक थाने के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देशी पिस्टल बरामद हुई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इस आरोपी पर पहले से ही मारपीट, लूट, रंगदारी और हत्या के प्रयास जैसे सात गंभीर मामले दर्ज हैं। ठीक इसी तरह, दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने शीशम की घाटी के पास नाकाबंदी के दौरान एक अन्य संदिग्ध को रोककर जांच की। तलाशी में उसके पास से भी एक अवैध देशी पिस्टल, एक मैगजीन और दो जिंदा कारतूस मिले। इस दूसरे आरोपी के खिलाफ भी डबोक और प्रतापनगर थाने में रंगदारी और मारपीट के मामले पहले से दर्ज हैं। दोनों बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे, समय रहते पुलिस ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर ले लिया है। पुलिस अब इनसे यह कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि वे ये अवैध हथियार कहां से लेकर आए थे और इन्हें सप्लाई करने वाला मुख्य सप्लायर कौन है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *