कानपुर में शारदीय नवरात्रि के दौरान मंदिरों और बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। वेस्ट जोन के मंदिरों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। चोरी और लूट की घटनाएं रोकने के लिए सादे कपड़ों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी और एडीसीपी वेस्ट योगेश कुमार ने शनिवार देर शाम पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने कल्याणपुर क्रॉसिंग से सिलेंडर चौराहा होते हुए मसवानपुर तक करीब तीन किलोमीटर गश्त की। इस दौरान दुकानदारों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंदिरों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के साथ यातायात व्यवस्था पर भी नजर रखी जाएगी। मंदिरों में सादे कपड़ों में तैनात होगी पुलिस नवरात्रि के दौरान मंदिरों में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए कल्याणपुर के इंद्रानगर स्थित मां आशा देवी मंदिर समेत प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। यहां तड़के सुबह से ही सादे कपड़ों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। पुलिसकर्मी भीड़ के बीच जेबकतरों, चोरों और लुटेरों पर नजर रखेंगे। महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती से महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा भी मजबूत की जाएगी। पुलिस ने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की है। CCTV और ड्रोन से होगी निगरानी मंदिरों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगे CCTV कैमरों से निगरानी की जाएगी। जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त कैमरे भी लगाए गए हैं। इनकी निगरानी कंट्रोल रूम से होगी। इसके अलावा ड्रोन कैमरों की मदद से मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। पुलिस ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत शहर में लगे CCTV कैमरों को भी दुरुस्त करा रही है। इसका उद्देश्य प्रमुख चौराहों और मार्गों पर लोगों व वाहनों की गतिविधियों पर नजर रखना है। संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। पनकी रोड पर अतिक्रमण करने वालों पर होगी कार्रवाई पैदल गश्त के दौरान डीसीपी वेस्ट ने पनकी रोड पर लगने वाले जाम की समस्या को लेकर दुकानदारों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुकानें निर्धारित सीमा के भीतर लगाई जाएं, ताकि सड़क पर अतिक्रमण न हो और आवागमन बाधित न हो। कल्याणपुर क्रॉसिंग और पनकी रोड पर ऑटो व ई-रिक्शा के संचालन पर भी सख्ती की जाएगी। प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन खड़े करके सवारी भरने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दुकानदारों और वाहन चालकों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। त्योहार के दौरान अलर्ट रहेगी पुलिस डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि शारदीय नवरात्रि को देखते हुए वेस्ट जोन में पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी। मंदिरों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में CCTV व ड्रोन से निगरानी की जाएगी। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जाएगी।

