नारनौल में शहर के नसीबपुर क्षेत्र में जुआ खेल रहे तीन व्यक्तियों को सीआईए नारनौल की टीम ने पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 46,100 रुपए और ताश के 52 पत्ते बरामद किए हैं। तीनों के खिलाफ थाना शहर नारनौल में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उन्हें जांच में शामिल किया है। डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण ने बताया कि 9 अक्टूबर को सीआईए नारनौल की टीम नसीबपुर बाईपास क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि महेंद्रगढ़ रोड पर सीमेंट गोदाम के पीछे तीन व्यक्ति ताश के पत्तों पर रुपए लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने रेडिंग पार्टी बनाई और बताए गए स्थान पर दबिश दी। तलाशी में मिले 46,100 रुपए पुलिस के अनुसार, टीम ने पेड़ों की ओट से देखा तो तीन व्यक्ति ताश के पत्तों पर रुपए लगाकर जुआ खेल रहे थे। इसके बाद पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए तीनों को काबू कर लिया। पूछताछ में उनकी पहचान नसीबपुर निवासी देवेंद्र और वीरेंद्र तथा नारनौल के मोहल्ला खरखड़ी निवासी बलजीत के रूप में हुई। पुलिस ने देवेंद्र के पास से 27,000 रुपए, वीरेंद्र से 8,000 रुपए और बलजीत से 8,000 रुपए बरामद किए। इसके अलावा मौके से 3,100 रुपए और मिले। इस तरह कुल 46,100 रुपए और ताश के 52 पत्ते कब्जे में लिए गए। अवैध गतिविधियों की सूचना देने की अपील पुलिस ने तीनों के खिलाफ थाना शहर नारनौल में जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। महेंद्रगढ़ पुलिस ने आमजन से जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर डायल 112 या नजदीकी थाने में सूचना दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।

