अयोध्या के इनायतनगर इलाके में गो रक्षकों ने गोकशी के लिए बिहार ले जाई जा रहीं दो गायों को पकड़ा है। पुलिस ने एक महिला को हिरासत में लिया है। चालक समेत तीन आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने शनिवार 10 अक्टूबर को बताया कि उत्कर्ष सिंह की तहरीर की आधार पर संबंधित धाराओं में आरोपियों पर रात में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है जल्द ही गिरफ्तार कर विधि कार्यवाही करने के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक यह घटना शुक्रवार शाम की है, उछाहपाली गांव के गौ रक्षक उत्कर्ष सिंह इनायतनगर बाजार जा रहे थे, तभी उन्होंने एक छोटे हाथी वाहन UP- 42 -BT 9349 में दो गायों को देखा। गायों की हालत खराब थी। उत्कर्ष सिंह गौ रक्षक नितेश सिंह अमित सिंह और अपने अन्य साथियों के साथ गहनाग के पास वाहन को रोका। वाहन में मौजूद महिला ने अपना नाम कुसुम देवी बताया। आरोप है कि उसका बेटा अनीस अपने तीन अन्य साथियों के साथ भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला, गायों और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। बजरंग दल के जिला महामंत्री लालजी शर्मा के नेतृत्व में गो रक्षक उत्कर्ष सिंह, नितेश सिंह और अंकुर सिंह समेत अन्य लोगों ने कार्रवाई में भूमिका निभाई। जिला महामंत्री लालजी शर्मा ने बताया कि पहले पुलिस मुकदमा दर्ज करने में हिलावली कर रही थी लेकिन उच्च अधिकारियों कि मामला जब जानकारी में आया तो रात में संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि तस्करी के संदेह में पकड़ी गई दोनों गायों को परसावां गोशाला में संरक्षित करा दिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

