सागर के गोपालगंज थाना पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में 24 साल के युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ऑनलाइन गेमिंग में 7 से 8 लाख रुपए हार गया था। कर्ज बढ़ने पर उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पूछताछ में उसने कोतवाली क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला का मंगलसूत्र छीनने की बात भी कबूल की है। पुलिस उससे अन्य मामलों में पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर को बाल हिलव्यू, शिवाजी वार्ड निवासी शालिकराम रैकवार ने बाइक चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने केस दर्ज कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान बीएमसी के पास एक संदिग्ध युवक मिला, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपना नाम अजय पिता रमेश पटेल (24), निवासी पटवा मंदिर के पास, तिली गांव बताया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने बाइक चोरी और कोतवाली क्षेत्र में बुजुर्ग महिला का मंगलसूत्र छीनने की वारदात कबूल की। ऑनलाइन गेमिंग में 7 से 8 लाख रुपए हारा पुलिस के मुताबिक, अजय ग्रेजुएट है और गोपालगंज क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग पढ़ाकर अपना खर्च चलाता था। वह शादीशुदा है और उसकी एक बेटी है। आरोपी को ऑनलाइन गेमिंग की लत थी। इसमें वह करीब 7 से 8 लाख रुपए हार गया, जिससे उस पर कर्ज बढ़ गया। आरोपी ने किस्तों पर बाइक खरीदी थी, जिसे बाद में गिरवी रखकर रुपए लिए। इनमें से कुछ रकम कर्ज की किस्त चुकाने में खर्च की, जबकि बाकी रुपए ऑनलाइन गेमिंग में हार गया। नुकसान की भरपाई और कर्ज चुकाने की उम्मीद में वह लगातार गेमिंग में पैसे लगाता रहा, लेकिन उसकी आर्थिक स्थिति और बिगड़ती गई। बाइक बरामद, मंगलसूत्र छीनने के मामले में भी पूछताछ पुलिस के अनुसार, आर्थिक संकट के दौरान आरोपी ने बाइक चोरी की वारदात की। इसके बाद कोतवाली थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र छीनने की घटना को भी अंजाम दिया। गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि बाइक चोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बाइक बरामद की गई है। पूछताछ में उसने मंगलसूत्र छीनने की घटना भी स्वीकार की है। पुलिस उससे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

