बाराबंकी के सफदरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह प्यारेपुर सैदपुर नहर के पास चलती कार में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से कार चालक की अंदर ही जलकर मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को गाड़ी से बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और सफदरगंज पुलिस मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। मृतक की हुई पहचान सफदरगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अजय त्रिपाठी ने बताया कि कार में केवल एक व्यक्ति सवार था। मृतक की पहचान निहुरीपुरवा, प्यारेपुर निवासी प्रदीप कुमार पुत्र श्रीराम के रूप में हुई है। फिलहाल कार में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे की खबर से मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।

