मैहर जिले के तिलौरा गांव से तीन दिन से लापता 86 साल की लीला कुशवाहा का शव शुक्रवार शाम टमस नदी में मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया और पहचान के बाद मैहर सिविल अस्पताल की मॉर्चुरी में रखा गया। लीला कुशवाहा 7 अक्टूबर को घर से निकली थीं और वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने नादन देहात थाने में उनके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया गया कि वह नाराज होकर घर से निकली थीं। शुक्रवार शाम लखवार के पास टमस नदी में ग्रामीणों ने एक महिला का शव तैरते देखा। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की है। महिला नदी तक कैसे पहुंचीं और मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह साफ नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता चलेगा।

