गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) महानगर के जटेपुर वार्ड में नया कल्याण मंडपम बनाने जा रहा है। इसके निर्माण पर 3 करोड़ 85 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। प्राधिकरण ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। करीब 4,540 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनने वाले इस मंडपम में भूतल और प्रथम तल होंगे। यहां बड़े हॉल के साथ कमरे, किचन, स्टोर, ऑफिस और डॉरमेट्री की सुविधा मिलेगी। दोनों तलों पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग टॉयलेट भी बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की परिकल्पना के तहत बनाए जा रहे कल्याण मंडपम का उद्देश्य निम्न और मध्यम आय वर्ग के परिवारों को शादी और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों के लिए किफायती आयोजन स्थल उपलब्ध कराना है। गोरखपुर में अब तक 8 कल्याण मंडपम बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि 2 का निर्माण जारी है। 4,540 वर्गमीटर में होगा निर्माण GDA उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के मुताबिक, जटेपुर में बनने वाला कल्याण मंडपम आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक वास्तुकला से सुसज्जित होगा। भवन का कुल निर्मित क्षेत्रफल 1,480 वर्गमीटर प्रस्तावित है। इसमें भूतल का क्षेत्रफल 768 वर्गमीटर और प्रथम तल का 712 वर्गमीटर होगा। मंडपम में बड़े हॉल के अलावा कमरे, किचन, स्टोर, ऑफिस और डॉरमेट्री बनाई जाएगी। दोनों तलों पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग टॉयलेट की व्यवस्था होगी। इसके बनने से स्थानीय लोगों को विवाह, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए आयोजन स्थल उपलब्ध हो सकेगा। अब तक 8 कल्याण मंडपम तैयार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने GDA और नगर निगम को निम्न और मध्यम आय वर्ग के परिवारों के लिए मैरिज हाउस के विकल्प के रूप में कल्याण मंडपम बनाने का निर्देश दिया था। इसी योजना के तहत शहर में इनका निर्माण कराया जा रहा है। GDA उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने कहा कि कल्याण मंडपम का उद्देश्य आर्थिक सीमाओं के कारण किसी परिवार के मांगलिक कार्यक्रम में परेशानी न आने देना है। प्राधिकरण की कोशिश है कि लोगों को घर के नजदीक आधुनिक सुविधाओं से युक्त आयोजन स्थल मिल सके। गोरखपुर में खोराबार, सूरजकुंड, मानबेला, राप्तीनगर विस्तार क्षेत्र के टोला पीरू शहीद, बिछिया जंगल तुलसीराम, जंगल बेनी माधव, बशारतपुर और जंगल नकहा नंबर दो में कल्याण मंडपम बन चुके हैं। वहीं, वार्ड नंबर 7 महादेव झारखंडी और वार्ड नंबर 2 बाबा राघवदास नगर के सेमरा में इनका निर्माण चल रहा है।

