लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में बीती रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार, उन्नाव जिले के नौगवां निवासी 26 वर्षीय सूरज लोधी मजदूरी करता था। गुरुवार रात वह अपने दोस्त दीपक के साथ लखनऊ से मजदूरी कर बाइक से लौट रहा था। रात करीब 9:30 बजे वे बंथरा पहुंचे। बंथरा में जुनाबगंज स्थित प्रसाद हॉस्पिटल के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों बाइक समेत गिरकर घायल हो गए। गंभीर हालत में उन्हें प्रसाद हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान सूरज की मौत हो गई। दीपक का इलाज चल रहा है। हादसे के बाद ट्रक चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया। मृतक सूरज के परिवार में पिता सज्जन, मां रामरती देवी और तीन भाई हैं। सूरज चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था।

