प्रॉपर्टी टैक्स कम करने के बदले 50हजार की रिश्वत मांगी:खंडवा में पंचायत सचिव 25 हजार लेते रंगे हाथों पकड़ाया, चाय की दुकान में रुपए लेने पहुंचा

प्रॉपर्टी टैक्स कम करने के बदले 50हजार की रिश्वत मांगी:खंडवा में पंचायत सचिव 25 हजार लेते रंगे हाथों पकड़ाया, चाय की दुकान में रुपए लेने पहुंचा

खंडवा में पंचायत सचिव ने स्कूल का दो साल का प्रॉपर्टी टैक्स कम करने के बदले 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। इस मामले में लोकायुक्त टीम इंदौर ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत नाहल्दा के सचिव कृष्ण देव पटेल को गिरफ्तार किया है। टीम ने उसे मेडिकल चौराहे के पास एक चाय की दुकान के सामने शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। लोकायुक्त ने रिश्वत की रकम जब्त कर आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। 2.20 लाख रुपए का टैक्स कम करने के लिए मांगी रिश्वत
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, ग्राम नाहल्दा निवासी लक्ष्मण सिंह चौहान का निजी स्कूल है। इसका संचालन उनका बेटा करता है। स्कूल ग्राम पंचायत नाहल्दा के क्षेत्र में आता है। शिकायतकर्ता का आरोप था कि स्कूल के दो साल का प्रॉपर्टी टैक्स करीब 2 लाख 20 हजार रुपए बताया गया था। इस राशि को कम करने के बदले पंचायत सचिव कृष्ण देव पटेल ने 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। 5 अक्टूबर को की थी शिकायत
लक्ष्मण सिंह चौहान ने 5 अक्टूबर को लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में लिखित शिकायत की थी। लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के निर्देश पर शिकायत का सत्यापन कराया गया। रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद टीम ने सचिव को पकड़ने की योजना बनाई। शुक्रवार को मेडिकल चौराहे के पास चाय की दुकान के सामने कार्रवाई की गई। यहां सचिव को शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपए लेते हुए पकड़ लिया गया। टीम ने मौके से रकम जब्त कर आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया। निरीक्षक प्रतिभा तोमर के नेतृत्व में कार्रवाई
लोकायुक्त टीम में निरीक्षक प्रतिभा तोमर के साथ आरक्षक आदित्य सिंह, रामेश्वर निगवाल, आशीष नायडू, कमलेश परिहार, सतीश यादव और श्रीकृष्ण अहिरवार शामिल थे। लोकायुक्त संगठन ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी काम के बदले रिश्वत मांगता है, तो इसकी शिकायत लोकायुक्त पुलिस इंदौर कार्यालय में करें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *