छिंदवाड़ा जिले के चौरई में पानी की टंकी के नीचे संदिग्ध हालत में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, गाली देने की बात पर हुए विवाद में आरोपी ने घर से चाकू लाकर युवक के पेट में वार कर दिया। इसके बाद आरोपी घर गया और हल्दी में मीठा तेल मिलाकर रूमाल में रखा। वापस घटनास्थल पर पहुंचकर उसने घायल युवक के पेट पर हल्दी-तेल का लेप लगाया और उसे वहीं छोड़कर घर चला गया। पुलिस ने आरोपी सुमित वंशकार (20), निवासी वार्ड क्रमांक 1, चौरई को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। स्टेडियम में मुलाकात, फिर पानी की टंकी के नीचे पहुंचे
पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:30 बजे मृतक शुभम वर्मा उर्फ बम्बइया और आरोपी सुमित वंशकार चौरई स्टेडियम ग्राउंड में बैठे थे। इसी दौरान अनुराग महाराज भी वहां पहुंचा। तीनों ने साथ बैठकर बीड़ी पी। कुछ देर बाद अनुराग वहां से चला गया। रात करीब 11:30 बजे शिव भलावी भी स्टेडियम पहुंचा। इसके बाद सुमित ने शुभम और शिव को पानी की टंकी के नीचे चलकर बातचीत करने के लिए कहा। तीनों वहां बैठकर बातचीत और बीड़ी पीने लगे। गाली देने पर हुआ विवाद, घर से चाकू लेकर लौटा
पुलिस के मुताबिक, बातचीत के दौरान शुभम गाली देने लगा। इस पर सुमित ने उसे गाली देने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झूमाझटकी होने लगी। कुछ देर बाद सुमित घर जाने लगा तो शुभम ने उसे डरपोक कहकर जाने पर ताना मारा। इससे नाराज सुमित घर पहुंचा और चाकू लेकर वापस पानी की टंकी के नीचे आ गया। आरोप है कि उसने शुभम की गर्दन बाएं हाथ से पकड़ी और दूसरे हाथ से चाकू निकालकर उसके पेट में वार कर दिया। हमले के बाद शुभम पेट पकड़कर जमीन पर गिर पड़ा। घटना देखकर शिव भलावी डर के कारण वहां से भाग गया। हल्दी-तेल का लेप लगाया, फिर घर जाकर सो गया
पुलिस के अनुसार, वार करने के बाद आरोपी घबराकर घर चला गया। उसने पन्नी में रखी हल्दी में मीठा तेल मिलाया और उसे रूमाल में रखकर दोबारा घटनास्थल पर पहुंचा। वहां शुभम जमीन पर पड़ा तड़प रहा था। आरोपी ने उसे सीधा किया और चाकू के घाव वाली जगह पर हल्दी-तेल का लेप लगाया। इसके बाद शुभम को वहीं छोड़कर घर चला गया और सो गया। पुलिस ने चाकू किया जब्त, आरोपी जेल भेजा
7 अक्टूबर को पानी की टंकी के नीचे संदिग्ध अवस्था में युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान शुभम वर्मा निवासी लोहार, थाना चौरई के रूप में हुई। उसके शरीर पर चोट के निशान मिले थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा और पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1003/26, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एसडीओपी चौरई भारती जाट के नेतृत्व में टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन सिंह मरस्कोल के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने जांच की। पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार, सुमित ने घटना स्वीकार की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू जब्त किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट बनने पर उसे जिला जेल छिंदवाड़ा भेज दिया गया। कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन सिंह मरस्कोल, उपनिरीक्षक लता देशराम, सहायक उपनिरीक्षक संजय सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक गोपाल साहू, प्रधान आरक्षक राजपाल बघेल, आरक्षक राजकिशोर बघेल और आरक्षक रोहित ठाकुर की सराहनीय भूमिका रही।

