रूस के खिलाफ यूक्रेन का पलटवार, यूक्रेनी हमलों में मारे गए 6 रूसी नागरिक

रूस के खिलाफ यूक्रेन का पलटवार, यूक्रेनी हमलों में मारे गए 6 रूसी नागरिक

यूक्रेन (Ukraine) के खिलाफ रूस (Russia) ने हमले तेज़ कर दिए हैं। पिछले कुछ हफ्तों में रूस ने यूक्रेन को कई बार दहलाया है, जिसकी वजह से यूक्रेन को जान-माल का काफी नुकसान हुआ है। हालांकि यूक्रेन भी इन हमलों के खिलाफ चुप नहीं है और रूस को समय-समय पर इनका जवाब दे रहा है। अब एक बार फिर यूक्रेन ने रूस के खिलाफ पलटवार किया है।

यूक्रेनी हमलों में मारे गए 6 रूसी नागरिक

पिछले 24 घंटों में यूक्रेन ने रूस में अलग-अलग जगहों पर हमले किए, जिनमें 6 लोग मारे गए। ये हमले रूस के बेलगोरोड, कुर्स्क और निज़नी नोवगोरोद इलाकों में किए गए। क्षेत्रीय फील्ड ऑफिस की तरफ से दी गई जानकारी में बताया गया कि बेलगोरोड में यूक्रेनी हमले में 4 लोगों की मौत हो गई। क्षेत्रीय गवर्नर एलेक्ज़ेंडर खिनस्टीन ने बताया कि कुर्स्क के बेलोव्स्की ज़िले के एक गांव में यूक्रेनी हमले में एक व्यक्ति मारा गया। निज़नी नोवगोरोद के गवर्नर ग्लेब निकितिन ने बताया कि इलाके में हुए ड्रोन अटैक को रोकने की कोशिश के दौरान एक रूसी सैनिक की मौत हो गई।

13 लोग घायल

यूक्रेनी हमले में बेलगोरोड में 13 लोग घायल हो गए। घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। इनमें से कुछ की स्थिति नाज़ुक बताई जा रही है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने आज सुबह बताया कि उसकी सेना ने रात भर में कई इलाकों में यूक्रेनी सेना द्वारा दागे गए 505 ड्रोन्स को रोका।

मिसाइल ठिकानों पर भी किए हमले

रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) में पिछले कुछ महीनों में एक नया मोड़ तब आया, जब यूक्रेन ने रूस के सैन्य और ऊर्जा ठिकानों पर हमले शुरू किए। यूक्रेन ने ऐसा इसलिए करना शुरू किया जिससे रूस की सैन्य क्षमता को कमजोर कंरने के साथ ही रूस की अर्थव्यवस्था को भी चोट पहुंचाई जा सके। आज यूक्रेनी सेना ने फिर ऐसा ही किया है। यूक्रेनी सेना ने जानकारी दी है कि उसने रूस के तीन मिसाइल ठिकानों पर हमले किए हैं। हालांकि इन हमलों में कितना नुकसान हुआ, फिलहाल इसकी जानकारी नहीं आई है।

यह खबर अपडेट हो रही है…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *