Dupatta Styling Tips: डांडिया या गरबा नाइट में जाने के लिए महिलाएं अपने एथनिक लुक को खास बनाने के लिए रंग-बिरंगे लहंगे, चनिया चोली और ट्रेडिशनल ज्वेलरी पहनना पसंद करती हैं। इसके साथ ही वे नए स्टाइलिंग हैक्स और ट्रिक्स भी आजमाती हैं। लेकिन कई बार दुपट्टे को नए तरीके से स्टाइल करना नजरअंदाज कर देती हैं। दुपट्टा एक ऐसी चीज है, जो सिंपल लहंगे को भी हैवी और स्टाइलिश लुक दे सकता है। ऐसे में अगर आप भी गरबा के लिए दुपट्टे से जुड़े स्टाइलिंग हैक्स तलाश रही हैं, तो चूड़ियों का इस्तेमाल करके कई तरह के लुक क्रिएट कर सकती हैं। आइए जानते हैं कैसे।
दुपट्टे की प्लेट्स बनाएं
दुपट्टे को अच्छी तरह स्टाइल करने के लिए सबसे पहले एक सिरे पर अपनी पसंद के हिसाब से प्लेट्स बना लें। अब तय करें कि आपको कितना लंबा पल्लू रखना है। प्लेट्स बनाने के बाद बाकी दुपट्टे को खुला छोड़ दें, ताकि पहनने पर उसका घेर और डिजाइन अच्छा नजर आए। ध्यान रखें कि प्लेट्स बहुत ज्यादा मोटी न हों, वरना चूड़ी से आसानी से निकालने में परेशानी हो सकती है।
चूड़ियों से बनाएं खूबसूरत लुक
दुपट्टे को अलग लुक देने के लिए सबसे पहले अपने लहंगे या चनिया चोली से मैच करती हुई चूड़ियां चुनें। चूड़ियों का रंग दुपट्टे की कढ़ाई, बॉर्डर या लहंगे के किसी एक रंग से मिलता-जुलता हो, तो पूरा लुक ज्यादा अच्छा लगेगा। ऐसी चूड़ियां चुनें जो मजबूत हों और आसानी से टूटें नहीं। इसके बाद दुपट्टे की प्लेट्स को एक जगह इकट्ठा करके उनके ऊपर मोटे कड़े जैसी एक चूड़ी या कई चूड़ियां इस तरह लगाएं कि कपड़े की पकड़ बनी रहे और डिजाइन भी दिखाई दे।
सीधे पल्ले में ऐसे पहनें दुपट्टा
दुपट्टे में चूड़ियां लगाने के बाद अगर आपको सिंपल और ट्रेडिशनल लुक पसंद है, तो इसे सीधे पल्ले की तरह पहन सकती हैं। इसके लिए एक कंधे पर प्लेट्स वाला हिस्सा रखें और दुपट्टे के दूसरे सिरे को सामने की तरफ खुला छोड़ दें। अब कंधे पर चूड़ियों या मैचिंग ब्रोच की मदद से दुपट्टे को सजाएं। इस स्टाइल में दुपट्टे की कढ़ाई और बॉर्डर साफ नजर आते हैं। यह तरीका खासकर उन दुपट्टों के लिए अच्छा है, जिन पर हैवी वर्क या खूबसूरत किनारी बनी हो।
उल्टे पल्ले से दें आउटफिट को नया अंदाज
गरबा नाइट में थोड़ा अलग दिखना चाहती हैं, तो दुपट्टे को उल्टे पल्ले के अंदाज में भी पहन सकती हैं। इसके लिए दुपट्टे को पीछे की ओर से लाकर एक कंधे पर सेट करें और सामने की तरफ उसका पल्लू खुला रखें। प्लेट्स को चूड़ियों या मैचिंग ब्रोच की मदद से अच्छी तरह फिक्स कर सकती हैं। इस तरह दुपट्टे का बॉर्डर और डिजाइन अलग अंदाज में नजर आएगा। बस ध्यान रखें कि दुपट्टे की लंबाई इतनी हो कि वह डांस करते समय पैरों में न उलझे।
इन बातों का रखें ध्यान
गरबा के दौरान लगातार घूमना और डांस करना पड़ता है, इसलिए दुपट्टे को कमर के पास लहंगे की बेल्ट या कमरबंद के साथ हल्के से फिक्स कर सकती हैं। इसके अलावा, दुपट्टे को सजाने के लिए ऐसी पिन या ब्रोच चुनें जो मजबूत हो और आपके आउटफिट के रंग से मेल खाती हो। बहुत नुकीली पिन सीधे नाजुक या कढ़ाई वाले कपड़े में न लगाएं, क्योंकि इससे धागे निकल सकते हैं या कपड़ा फट सकता है। इसके साथ ही गरबा नाइट के लिए तैयार होने के बाद एक बार चलकर और हल्का घूमकर देख लें कि दुपट्टा अपनी जगह पर टिका हुआ है या नहीं।

