108 एंबुलेंस कर्मियों पर 2000 रुपए मांगने का आरोप:डिंडौरी की प्रसूता बोली- मंडला से नवजात को बस में ले जाना पड़ा

108 एंबुलेंस कर्मियों पर 2000 रुपए मांगने का आरोप:डिंडौरी की प्रसूता बोली- मंडला से नवजात को बस में ले जाना पड़ा

डिंडौरी जिले की एक प्रसूता से 108 एंबुलेंस में घर छोड़ने के बदले रुपए मांगने और रुपए न देने पर घर छोड़ने से मना करने का गंभीर मामला सामने आया है। मंडला में घटना का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मेहदवानी क्षेत्र के भुरकाटोला निवासी रमीला वरकड़े को प्रसव के लिए 5 अक्टूबर को जिला अस्पताल मंडला में भर्ती कराया गया था। 7 अक्टूबर को नॉर्मल डिलीवरी के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। रमीला के पति राजकुमार ने बताया कि छुट्टी होने के बाद 108 एंबुलेंस के कर्मचारी ने खुद उनसे संपर्क किया। कर्मचारी ने प्रसूता को घर पहुंचाने के बदले पहले 2000 रुपए मांगे और जब उन्होंने असमर्थता जताई, तो 1800 रुपए की मांग करने लगा। रुपए न देने पर एंबुलेंस कर्मियों ने किया मना पैसे देने से साफ मना करने पर एंबुलेंस कर्मियों ने प्रसूता को घर छोड़ने से इनकार कर दिया। एंबुलेंस न मिलने पर बेबस परिजन को नवजात बच्चे और प्रसूता को लेकर बस से अपने घर जाना पड़ा। इस घटना के बाद एंबुलेंस कर्मचारियों पर नियमों के खिलाफ जाकर दूसरे जिलों के मरीजों से पैसे ऐंठने के आरोप भी लग रहे हैं। फुटेज देखकर होगी आरोपी कर्मचारी की पहचान मामला सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। सीएमएचओ डॉ. डीके मोहंती ने बताया कि अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज देखकर संबंधित कर्मचारी की पहचान की जाएगी। उन्होंने बताया कि ठेका कंपनी के को-ऑर्डिनेटर को भी इस बात की जानकारी दे दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *