बूंदी जिले के नैनवां थाना क्षेत्र के बम्बूली गांव में गुरुवार सुबह खेत में रखवाली कर रही 65 वर्षीय रामकन्या बाई पर आवारा सांड ने हमला कर दिया। इससे उनकी मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा। एएसआई भंवर सिंह ने बताया रामकन्या बाई खेत पर गई थीं। बेटा सोराज धाकड़ खाना लेकर पहुंचा तो मां को खून से लथपथ देखा। पास ही आवारा सांड खड़ा था। सोराज ने मां को नैनवां अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया।
सोहन नागर, प्रहलाद नागर व कुछ बच्चों ने सांड को हमला करते देखा था। मृतका के 2 बेटे और 2 बेटियां हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा सांडों को पकड़ने की मांग की है। पुलिस ने मृतका के बेटे की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

