शिवपुरी में तेज रफ्तार कार ने दंपती को रौंदा:पत्नी की मौके पर मौत, पति ने ग्वालियर में दम तोड़ा; 3 बच्चे हुए अनाथ

शिवपुरी में तेज रफ्तार कार ने दंपती को रौंदा:पत्नी की मौके पर मौत, पति ने ग्वालियर में दम तोड़ा; 3 बच्चे हुए अनाथ

शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में झांसी-शिवपुरी हाईवे पर सड़क की साफ-सफाई कर रहे मजदूरों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल पति को पहले झांसी ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर उसे ग्वालियर रेफर किया गया, जहां रात में इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। दंपती अपने पीछे 4 साल के बेटे और 10 व 13 साल की दो बेटियों को छोड़ गए हैं। हादसे में एक अन्य महिला मजदूर भी घायल हुई है। घटना गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे ग्राम रामनगर में ऋषभ ढाबे के पास हुई। सिरसौद निवासी बलबीर लोधी ने पुलिस को बताया कि वह झांसी-शिवपुरी हाईवे पर मेंटेनेंस और साफ-सफाई का काम करता है। घटना के समय उसके साथ सुपरवाइजर रमाकांत यादव सहित करीब 10 मजदूर सड़क पर काम कर रहे थे। सड़क किनारे काम कर रहा था दंपती
इसी दौरान दिनारा की ओर से आ रही अर्टिगा कार क्रमांक MP04ZT2013 का ड्राइवर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए आया। कार ने सड़क किनारे काम कर रहे रामश्री बंशकार (34), उनके पति धर्मेंद्र बंशकार और सीता देवी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रामश्री बंशकार की मौके पर ही मौत हो गई। उनके पति धर्मेंद्र के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं, जबकि सीता देवी के पैरों में भी चोट लगी। घायलों को एंबुलेंस की मदद से झांसी भेजा गया। धर्मेंद्र की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया, जहां रात में इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। 4 साल का बेटा, दो बेटियां अनाथ हुईं
हादसे ने एक परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया। रामश्री और धर्मेंद्र अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। इनमें 4 साल का एक बेटा और 10 व 13 साल की दो बेटियां हैं। माता-पिता दोनों की मौत के बाद बच्चों के सिर से मां-बाप का साया उठ गया है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के दौरान मौके पर खड़ी कंपनी की महिंद्रा कैंपर गाड़ी क्रमांक RJ19GD5554 और एक हीरो सीडी डीलक्स बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के समय गोमा विश्वकर्मा, रमाकांत यादव और अन्य मजदूर मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने हादसा होते देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए करैरा अस्पताल ले जाया गया। फरियादी बलबीर लोधी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *