दतिया के कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार रात 34 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसका शव भदौरिया की खिड़की क्षेत्र स्थित घर के कमरे में छत के कुंदे से साड़ी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस युवक को जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आत्महत्या करने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना पड़ोसी प्रदीप वंशकार के अनुसार, मृतक की पहचान विपिन उर्फ उपेंद्र नाथ पुत्र जाल चंद्र भूपतिया (34), निवासी भदौरिया की खिड़की के रूप में हुई है। वह शादीशुदा था और उसे शराब पीने की आदत थी। गुरुवार रात करीब 11 बजे आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने युवक को फंदे से नीचे उतारा और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान उसे मृत पाया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। कोतवाली टीआई दिनेश राजपूत ने बताया कि युवक ने आत्महत्या की है। उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

