मेरठ शहर में दिनदहाड़े मोबाइल लूट की वारदात का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। शाहपीर गेट स्थित खत्ता रोड पर बाइक सवार दो बदमाश सड़क किनारे बैठे एक मजदूर का मोबाइल छीनकर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वायरल हो रहे 17 सेकंड के वीडियो में मजदूर सड़क किनारे बैठा दिखाई दे रहा है। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचते हैं। बाइक सवारों में से एक अचानक मजदूर का मोबाइल छीन लेता है। इसके बाद दोनों बाइक से मौके से फरार हो जाते हैं। मजदूर कुछ समझ पाता, इससे पहले ही बदमाश उसकी आंखों के सामने से मोबाइल लेकर निकल जाते हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में घटना की चर्चा है। वीडियो में बदमाशों की हरकत साफ दिखाई दे रही है। फिलहाल, मामले में पुलिस सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

