पीलीभीत के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के खगाई गांव में एक विवाहिता का शव संदिग्ध हालत में पंखे से लटका मिला। मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर गला घोंटकर हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। मृतका त्रिवेणी देवी की शादी 2011 में नरेंद्र कुमार से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। मायके वालों ने बताया कि घटना सुबह 10 बजे हुई, लेकिन उन्हें दोपहर 1 बजे के बाद सूचना दी गई। पति नरेंद्र, जो मोबाइल की दुकान चलाता है, घटना के दिन संदिग्ध रूप से घर पर ही मौजूद था। मृतका के पिता कड़ेराम और भाई पातीराम ने दामाद पर सीधा आरोप लगाया है। सूचना पर बरखेड़ा पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबूत जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने शिकायत पत्र दिया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

