सीतापुर के कोतवाली देहात की चौकी कचनार क्षेत्र में सीतापुर-गोला मार्ग पर दोस्तपुर के निकट गुरुवार देर शाम करीब 8:30 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव निवासी राजरानी (55) पत्नी प्रकाश गुरुवार देर शाम अपने बेटे रणधीर के साथ बाइक से सीतापुर गई थीं। देर शाम दोनों बाइक से वापस अपने गांव शेरपुर लौट रहे थे। इसी दौरान सीतापुर-गोला मार्ग पर कचनार चौकी क्षेत्र के दोस्तपुर के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार मां-बेटा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में राजरानी को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं रणधीर भी घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौकी कचनार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल रणधीर को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। वहीं राजरानी के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मच गया। परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दुर्घटना के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह का कहना है कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि वाहन की पहचान की जा सके।

