बागपत में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को गौरीपुर मोड़ क्षेत्र में छापेमारी की। लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से टीम ने 9 दुकानों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इनमें मीट की दुकानें, होटल, रेस्टोरेंट और ढाबे शामिल रहे। कार्रवाई शाम करीब 8:30 बजे तक जारी रही। एक्सपायरी सामान मिलने पर नष्ट कराया चौहान कन्फेक्शनरी से रिफाइंड राइस ब्रान ऑयल का सैंपल लिया गया। निरीक्षण के दौरान यहां एक्सपायरी डेट के 120 पैकेट मसाले, 11 बोतल ड्रिंकिंग वाटर, 4 बोतल सिरका, 10 पैकेट चिप्स और 6 बोतल रिफाइंड मिले। इनकी कुल कीमत करीब 5,300 रुपए बताई गई। विभाग ने सामान को मौके पर ही नष्ट करा दिया। बिना खाद्य पंजीकरण चल रहा था ढाबा रिहान मुस्लिम ढाबे के निरीक्षण के दौरान खाद्य पंजीकरण नहीं मिला। विभाग ने ढाबा संचालक के खिलाफ केस दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। अंसारी होटल, लजीज चिकन प्वाइंट, उम्रदराज होटल, हलीम बिरयानी, दिल्ली दरबार चिकन प्वाइंट, दालिम बिरयानी और आकिव चिकन शॉप का भी निरीक्षण किया गया। कई प्रतिष्ठानों में गंदगी और साफ-सफाई की कमी मिली। विभाग ने संचालकों को सुधार के लिए नोटिस जारी किए हैं। निर्धारित समय में कमियां दूर नहीं होने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई खाद्य सुरक्षा विभाग की यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा आयुक्त और डीएम दिव्यांशु पटेल के निर्देश पर की गई। टीम में सहायक आयुक्त डीपी सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी निधि रानी और पुलिस बल शामिल रहा।

