करौली नगर परिषद के नए बोर्ड की पहली साधारण सभा गुरुवार को पंचायत समिति सभागार में हुई। बैठक में सभापति सुनील सैनी ने शहर के सभी 55 वार्डों में 20-20 लाख रुपए के विकास कार्य कराने की घोषणा की। वहीं पार्षदों ने शहर की सफाई, सड़क और सीवरेज व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। पुराने टेंडर निरस्त करने पर 20 मिनट हंगामा बैठक के दौरान पुराने टेंडर निरस्त करने के मुद्दे पर करीब 20 मिनट तक हंगामा हुआ। इसके बाद पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में नियमित सफाई, कचरा संग्रहण, सीवरेज जाम और स्ट्रीट लाइट की समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। लापरवाह कर्मचारियों को नोटिस के निर्देश सभापति ने नगर परिषद आयुक्त कालूराम को लापरवाह कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति का पार्षदों से सत्यापन कराने को कहा। शहर में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था के लिए 7 करोड़ रुपए के टेंडर जल्द कराने की बात भी कही गई। दीपावली पर शहर में होगी लाइटिंग और सजावट दीपावली को देखते हुए नगर परिषद ने 50 लाख रुपए के लाइटिंग टेंडर कराने की घोषणा की। इसके तहत शहर के चौराहों और मंदिरों पर सजावट कराई जाएगी। बैठक में मदनमोहनजी मंदिर के मुख्य मार्गों के विकास के लिए 2 करोड़ रुपए का प्रस्ताव भी सामने आया। सफाई से लेकर विकास तक मुद्दे रहे केंद्र में पहली साधारण सभा में पार्षदों ने वार्ड स्तर की समस्याओं को सामने रखा। बैठक में साफ-सफाई और कचरा संग्रहण से लेकर सीवरेज और स्ट्रीट लाइट तक के मुद्दे उठे। वहीं नगर परिषद की ओर से विभिन्न विकास कार्यों और दीपावली की तैयारियों को लेकर कई घोषणाएं की गईं।

