श्रीनगर में Congress का प्रदर्शन, पुलिस ने मार्च रोका

श्रीनगर में Congress का प्रदर्शन, पुलिस ने मार्च रोका

श्रीनगर, आठ अक्टूबर जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) ने बुधवार को दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं के साथ कथित तौर पर किए गए व्यवहार के विरोध में बृहस्पतिवार को ‘‘काला दिवस’’ मनाया और प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता यहां पार्टी मुख्यालय में एकत्र हुए और विरोध मार्च निकालने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने इसे रोक दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ तख्तियां लेकर नारे लगाए।

हालांकि, पुलिस और सीआरपीएफ ने प्रदर्शनकारियों को मुख्य सड़क पर मार्च करने से रोक दिया और उनका प्रदर्शन विफल कर दिया। श्रीनगर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आदिल फारूक ने संवाददाताओं से कहा कि पार्टी ‘‘लोकतंत्र की हत्या’’ के विरोध में बृहस्पतिवार को ‘‘काला दिवस’’ मना रही है। फारूक ने कहा, ‘‘मोदी-शाह सरकार के आदेश पर कल जिस तरह लोकतंत्र की हत्या की गई… संसद के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ दिल्ली में जिस तरह का व्यवहार किया गया… हम इन सबके विरोध में काला दिवस मना रहे हैं।’’
उन्होंने प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री के इस्तीफे की भी मांग की।

फारूक ने कहा कि ‘‘इस तानाशाही शासन’’ से देश को मुक्त कराने के लिए उनकी पार्टी एकजुट है और इसी के तहत प्रदर्शन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *