गाजीपुर के नोनहरा थाना क्षेत्र के चक कमरौरा गांव में बुधवार शाम जमीन की पैमाइश के दौरान राजस्व और पुलिस टीम का ग्रामीणों से विवाद हो गया। मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया, जिसमें एक पुलिसकर्मी के सिर में चोट आई। पुलिस बल देखकर कुछ ग्रामीण वहां से भागने लगे। इसी दौरान राम बाबू उर्फ विक्की कुमार (25) पुलिस से बचने के लिए समंनपुर घाट के पास नदी में कूद गया। गुरुवार सुबह पुलिस ने गोताखोरों और पीएसी की मदद से उसकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने युवक को बचाने की कोशिश नहीं की। हालांकि, पुलिस ने इस आरोप की पुष्टि नहीं की है। एसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि पैमाइश के दौरान दूसरे पक्ष ने पुलिस और राजस्व टीम पर हमला किया था। पुलिस को आशंका है कि युवक तैरकर दूसरी तरफ निकल गया होगा, फिर भी उसकी तलाश जारी है। इस मामले में 20 नामजद और 20 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

