प्रतापगढ़ में डीएम अभिषेक पांडेय ने बाबूपट्टी गांव का दौरा किया। यहां उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र की इमारत को खराब हालत में पाया। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से केंद्र इसी टूटे-फूटे भवन में चल रहा है, जिससे बच्चों और कार्यकर्ताओं की सुरक्षा को लेकर फिक्र है। यह देखकर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) का वेतन रोकने और उनसे जवाब मांगने का आदेश दिया। डीएम ने अधिकारियों को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति देखने और जरूरी इंतजाम करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान गांव की फूलन देवी ने डीएम को बताया कि बारिश में उनका कच्चा मकान गिर गया था। उन्हें अभी तक कोई आर्थिक मदद नहीं मिली है। इस पर डीएम ने लेखपाल शैलेंद्र पांडेय से सफाई मांगी। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हकदार लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए।

