गुना जिले की मृगवास पुलिस ने 5.084 किलो गांजे के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 2.50 लाख रुपए बताई गई है। दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर आए थे और मृगवास-चांचौड़ा रोड पर उसे बेचने की फिराक में खड़े थे। पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पीपलहेड़ा तिराहे पर दो व्यक्ति गांजा लेकर खड़े हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दोनों संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। प्लास्टिक के कट्टे से मिला 5.084 किलो गांजा पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम गरीब सूना (40), निवासी ग्राम खलिया, थाना पटनावड़, जिला बलांगीर (ओडिशा) और गुणसागर टांड़ी (25), निवासी ग्राम वनमाल, थाना पटनावड़, जिला बलांगीर (ओडिशा) बताए। पुलिस ने विधिवत तलाशी ली तो उनके पास मौजूद प्लास्टिक के कट्टे से 5.084 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत करीब 2.50 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने गांजा जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मृगवास थाने में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 121/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। दोनों आरोपी पहले भी पकड़े जा चुके पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पहले भी गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं। उन्हें 26 मई को उनके अन्य साथियों के साथ गांजा तस्करी करते हुए मृगवास थाना पुलिस ने पकड़ा था। पुलिस अब आरोपियों से गांजा तस्करी के संभावित नेटवर्क, इसके स्रोत और इस मामले में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।

