कटनी रेलवे स्टेशन के पास 28 सितंबर को काशी तमिल संगम एक्सप्रेस में यात्रियों से चाकू दिखाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। कटनी पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बुधवार को 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूट की वारदातों से जुड़े अहम सुराग मिलने की बात पुलिस ने कही है। चेन, अंगूठी, नकदी और मोबाइल लूटे थे डीएसपी अभिनेष द्विवेदी ने बुधवार देर शाम मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 28 सितंबर को ट्रेन नंबर 16368 काशी तमिल संगम एक्सप्रेस कटनी रेलवे स्टेशन के पास पहुंची थी। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने यात्रियों को चाकू दिखाकर सोने की चेन, अंगूठी, नकदी और मोबाइल फोन समेत करीब 86 हजार रुपए का सामान लूट लिया था। जीआरपी थाना कटनी में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने खिरहनी फाटक, भट्ठा मोहल्ला सहित कई संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई में 9 आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी कटनी के खिरहनी फाटक क्षेत्र के रहने वाले हैं। इन 9 आरोपियों को पकड़ा गिरफ्तार आरोपियों में समीर रूपेंद्र (21), अनुराग निषाद (21), जय निषाद (24), अतुल निषाद (25), शिवा निषाद (20), दीपक निषाद (22), करण निषाद (24), अरुण निषाद (20) और विकास निषाद (25) शामिल हैं। अन्य ट्रेनों में हुई वारदातों का भी खुलासा पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने 21 जुलाई को ट्रेन नंबर 18448 और 28 जुलाई को स्पेशल ट्रेन नंबर 03252 में हुई चोरी-लूट की घटनाओं में भी संलिप्तता बताई है। पुलिस अब इन वारदातों में उनकी भूमिका की जांच कर रही है। पूछताछ में 30 अन्य आरोपियों के नाम सामने आए पूछताछ में रेलवे क्षेत्र में सक्रिय करीब 30 अन्य लोगों के संबंध में भी सुराग मिलने की बात सामने आई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश देकर इनकी तलाश कर रही हैं। पुलिस के अनुसार ICJS के जरिए सभी आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और हिस्ट्रीशीट तैयार की जा रही है।

