रायसेन की बेगमगंज कृषि उपज मंडी में बुधवार शाम मंडी सचिव अनुराग रघुवंशी पर तलवार से हमला हुआ। वे निरीक्षण कर रहे थे, तभी सौरभ शर्मा नाम का व्यक्ति आया और उन पर हमला कर दिया। बचाव में सचिव के दोनों हाथों में चोट आई। अचानक हुए इस हमले से मंडी में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों और हम्मालों ने तत्काल बीच-बचाव कर सचिव को बचाया। घायल सचिव को सिविल अस्पताल बेगमगंज ले जाया गया। देखें दो तस्वीरें… हमला कर भाग गया आरोपी
इसके बाद सचिव ने थाने पहुंचकर आरोपी सौरभ शर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। हमले की पूरी घटना मंडी के CCTV कैमरे में कैद है, जिसमें आरोपी हमला करते दिख रहा है। पुलिस ने फुटेज जांच में शामिल की है। थाना प्रभारी राजीव उईके के मुताबिक, हमले की वजह अभी साफ नहीं है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और उससे जुड़े लोगों से पूछताछ जारी है। जांच के बाद ही हमले का असली कारण पता चलेगा। बेगमगंज एसडीओपी सोनाली गुप्ता का कहना है कि मंडी सचिव पर सौरभ शर्मा नाम के व्यक्ति द्वारा तलवार से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। सचिव के दोनों हाथों में चोटें आई हैं। थाना बेगमगंज में आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

