ग्वालियर के घाटीगांव थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह नेशनल हाईवे पर चलती 10 दिन पुरानी स्कॉर्पियो अचानक आग के गोले में बदल गई। बिहार शरीफ निवासी रुद्रराज सिंह अपने भाई के साथ भोपाल से दिल्ली जा रहे थे। सिमरिया तिराहे के पास पहुंचते ही कार के इंजन से अचानक काला धुआं उठने लगा। रुद्रराज ने तत्काल गाड़ी सड़क किनारे रोकी। दोनों भाई कार से जरूरी सामान और दस्तावेज निकाल ही रहे थे, तभी इंजन में जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की लपटों से घिर गई। दोनों भाइयों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई। 10 दिन पहले ही शोरूम से ली थी कार रुद्रराज सिंह ने महज 10 दिन पहले ही नई स्कॉर्पियो खरीदी थी। बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे दोनों भाई कार से भोपाल से दिल्ली के लिए निकले थे। घाटीगांव के पास अचानक इंजन से धुआं उठने पर उन्होंने खतरा भांप लिया और कार रोक दी। सामान निकाल रहे थे, तभी हुआ धमाका कार रुकने के बाद दोनों भाई अंदर रखा जरूरी सामान और दस्तावेज निकालने लगे। इसी दौरान इंजन में जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद आग तेजी से पूरी कार में फैल गई। दोनों भाई तुरंत कार से दूर हो गए। कुछ ही देर में स्कॉर्पियो धू-धूकर जलने लगी। हाईवे पर मची अफरा-तफरी चलती सड़क पर कार को आग की लपटों में घिरा देखकर हाईवे से गुजर रहे वाहन रुक गए। मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर फायर फाइटर गजेंद्र सिंह, ओमप्रताप शर्मा, अर्पित यादव और चालक हरविलास यादव दमकल वाहन के साथ पहुंचे। दमकलकर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह इंजन में शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। गनीमत रही कि दोनों भाइयों ने समय रहते धुआं देखकर कार रोक दी और बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

