अनूपपुर जिले की बिजुरी पुलिस ने बुधवार शाम केवई नदी के डोगरिया रामघाट से अवैध रेत चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और 3 घन मीटर रेत जब्त की है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 2.03 लाख रुपए बताई गई है। नाकाबंदी में ट्रैक्टर रोका पुलिस को सूचना मिली थी कि बड़ी डोगरिया निवासी अमित कुमार श्रीवास्तव उर्फ कान्हा अपने ट्रैक्टर क्रमांक MP-18-AA-6405 से चालक अखिलेश सिंह परस्ते गोंड के साथ रेत ले जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने पल्लू क्रेशर के पास नाकाबंदी की और ट्रैक्टर को रोक लिया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी भागने लगे। घेराबंदी कर चालक अखिलेश सिंह गोंड (22), निवासी डोगरिया को पकड़ लिया गया। अंधेरे का फायदा उठाकर भागा, बाद में पकड़ा गया पुलिस के अनुसार अमित कुमार श्रीवास्तव अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया था। बाद में पुलिस ने उसे बिजुरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर पहले भी केस पुलिस के मुताबिक अमित कुमार श्रीवास्तव के खिलाफ बिजुरी थाने में पहले भी रेत चोरी और मारपीट के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

