शिवपुरी में आवारा सांड ने एक बाइक सवार शिक्षक को टक्कर मार दी। बुधवार को विवेकानंद पुरम में हुई इस घटना में शिक्षक रविन्द्र द्विवेदी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है। अशोक बिहार कॉलोनी के रविन्द्र कुंवरपुर के हाई स्कूल में शिक्षक हैं। वे बेटी को स्कूल छोड़कर लौट रहे थे, तभी सांड ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर और पीठ में गंभीर चोटें आईं, साथ ही बाएं हाथ की हड्डी कंधे के जॉइंट से अलग हो गई। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, जहां से ग्वालियर रेफर किया गया। ग्वालियर में उनका इलाज चल रहा है और गुरुवार को ऑपरेशन होगा। फिलहाल हालत खतरे से बाहर है। इस घटना से स्थानीय लोगों में आवारा मवेशियों को लेकर नाराजगी है और उन्होंने प्रशासन से इन्हें पकड़ने की मांग की है।

