हिसार जिले के बिठमड़ा गांव से हाल ही में चोरी हुए झोटों के मामले को लेकर ग्रामीणों द्वारा 8 अक्टूबर को उकलाना थाना परिसर में प्रस्तावित धरना फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। बुधवार को शमशेर सिंह बिठमड़ा की अध्यक्षता में ग्रामीणों की बैठक हुई, जिसमें पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई और 8 अक्टूबर को होने वाले धरने को लेकर चर्चा की गई। बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि गांव से चार झोटे चोरी होने के बाद ग्रामीणों में रोष था और मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर 8 अक्टूबर को उकलाना थाने पर धरना देने का निर्णय लिया गया था। चौकी प्रभारी ने दिया कार्रवाई का आश्वासन बैठक के दौरान चौकी प्रभारी दयाराम ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आगामी तीन-चार दिनों में चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के आश्वासन के बाद बैठक में मौजूद ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से 8 अक्टूबर को प्रस्तावित धरना स्थगित करने का निर्णय लिया। ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस को मामले का सुराग लगाने के लिए समय दिया जाएगा। यदि निर्धारित समय में मामले में संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आगे की रणनीति तय करेंगे। यह किसान रहे मौजूद बैठक में सरपंच प्रतिनिधि कुलदीप सिंह धत्तरवाल, शमशेर सिंह, कामरेड मिया सिंह बिठमड़ा, किसान नेता इंद्रपाल सिंह, शमशेर सिंह धत्तरवाल, चरण सिंह सहरावत, रामचंद्र गोडिया, बीरबल सिंह, दलबीर सिंह, रामकुमार सागु, दिलापा राम सागु सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। बैठक के बाद कामरेड मिया सिंह बिठमड़ा ने बताया कि चौकी प्रभारी के आश्वासन को देखते हुए ग्रामीणों ने फिलहाल धरना स्थगित किया है और पुलिस की कार्रवाई पर नजर रखी जाएगी।

