आलीराजपुर जिले के आजाद नगर (भाभरा) के वार्ड नंबर 08 स्थित बगीचा मोहल्ले के पीछे नाले में बुधवार को करीब 15 फीट लंबा और 40 किलो वजनी अजगर मिला। इसे देखने के लिए मौके पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। वनपाल नरूला चौहान के नेतृत्व में वनकर्मी धीरेंद्र चौहान, सुनील खड़िया और वीरसिंह गाड़िया की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने नाले का निरीक्षण कर अजगर को सुरक्षित बाहर निकालने का काम शुरू किया। वनकर्मियों ने सावधानी से अजगर को काबू में किया। मौके पर मौजूद भीड़ को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी गई। अजगर को बिना नुकसान पहुंचाए नाले से बाहर निकालकर आबादी क्षेत्र से दूर जंगल में छोड़ा गया। वन विभाग ने लोगों से अपील की कि किसी भी वन्यजीव के आबादी क्षेत्र में दिखने पर उसे पकड़ने या छेड़छाड़ न करें। इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दें, ताकि वन्यजीव और लोगों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

