प्रतापगढ़ जिले में मजदूरी के बकाया पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक 32 वर्षीय ट्रक चालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। मंगलवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद मृतक मनोज कुमार सोनकर का शव जैसे ही उसके पैतृक गांव पहुंचा, परिजन और ग्रामीण भड़क उठे। बुधवार सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग शव के साथ एकत्र हो गए और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक मुख्य आरोपी ट्रक मालिक समेत सभी दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। पहले मामले से जुड़ी तस्वीरें देखिए – बकाया मजदूरी मांगने पर ईंट और लोहे की रॉड से हमला प्राप्त जानकारी के अनुसार, संग्रामगढ़ बाजार क्षेत्र निवासी मनोज कुमार सोनकर डंपर व ट्रक चलाकर अपने परिवार का जीविकोपार्जन करता था। सोमवार शाम करीब 5 बजे वह मानिकपुर थाना क्षेत्र स्थित आलापुर गंगा पुल के पास अपने ट्रक मालिक जय प्रकाश तिवारी उर्फ मुन्नू से बकाया मजदूरी मांगने गया था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। परिजनों का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ट्रक मालिक, उसके साथियों और अन्य लोगों ने मनोज को पकड़ लिया तथा ईंट व लोहे की रॉड से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर हालत में घर पहुंचा चालक, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत मारपीट में गंभीर रूप से घायल मनोज किसी तरह मोटरसाइकिल चलाकर रात करीब 8 बजे अपने घर पहुंचा। उसने पत्नी साक्षी को आपबीती बताई और शरीर में तेज दर्द की शिकायत की। परिजन पहले उसे स्थानीय निजी चिकित्सक के पास ले गए, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर उसे प्रयागराज ले जाया जाने लगा। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रात करीब 10 बजे उसने दम तोड़ दिया। एक नामजद गिरफ्तार, गांव में पुलिस बल तैनात मंगलवार सुबह पीआरवी की सूचना पर पुलिस ने मृतक के पिता श्रीचंद सोनकर की तहरीर के आधार पर ट्रक मालिक जय प्रकाश तिवारी, जेपी यादव, अखिलेश यादव और दो अज्ञात के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी अखिलेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया। अधिकारियों का कहना है कि मुख्य आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को जेल भेजा जाएगा। स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात है।

