नमस्कार, कानपुर की कल (मंगलवार) की 10 बड़ी खबरें…किदवईनगर में व्यापारियों ने 11 बार सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ कर UPI पर MDR शुल्क का विरोध जताया। वहीं, थाईलैंड की एक महिला पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और 60 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि अनवरगंज इलाके में रहने वाले मो. इरफान ने व्यापार के नाम पर उसके पैसे हड़प लिए। इधर, फजलगंज थाना क्षेत्र में BA की छात्रा ने फंदे से लटककर सुसाइड कर लिया। वहीं, दिल्ली में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के बाद सपाइयों ने प्रदर्शन किया। ऐसी ही 10 बड़ी खबरों को देखने के लिए ऊपर VIDEO पर क्लिक करें…। अब पढ़िए सिलेसिलेवार खबरें… 1. महिला कॉन्स्टेबल ने नहीं दिया ई-रिक्शा का किराया, ड्राइवर बोला- 10 रुपए के लिए थाने जाएं चमनगंज थाने में तैनात एक महिला कॉन्स्टेबल ने ई-रिक्शा चालक को किराया नहीं दिया। चालक ने किराया मांगा तो वह भड़क गया। इस पर कॉन्स्टेबल ने कहा- थाने ले चलिए, वहीं किराया दे देंगे।वहीं, चालक ने जवाब दिया- आपके 10 रुपए के लिए हम थाने के चक्कर लगाएं? इसी वजह से कोई ई-रिक्शा चालक पुलिसकर्मियों को बैठाना नहीं चाहता। पढ़िए पूरी खबर… 2. प्रकाश पाल ने हनुमान जी को लड्डू चढ़ाए: BJP ने 3 साल में कानपुर से दिल्ली पहुंचाया भाजपा ने प्रकाश पाल को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। तीन साल में संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते हुए वे कानपुर से दिल्ली तक पहुंचे। 36 साल की मेहनत के बाद मिली इस जिम्मेदारी पर सोमवार रात कानपुर पहुंचे प्रकाश पाल ने पवन पुत्र आराधना मंदिर में हनुमान जी के दर्शन किए और 2 किलो लड्डू चढ़ाए। इसके बाद उन्होंने सपा के PDA पर निशाना साधा। पढ़िए पूरी खबर… 3. जूही में युवक ने फंदे से लटककर दी जान: बेटे ने खिड़की से देखा तो कमरे में शव लटका था जूही में मंगलवार सुबह एक युवक ने फंदे से लटककर जान दे दी। पत्नी के काम पर जाने के बाद वह कमरे में चला गया। काफी देर तक बाहर नहीं आया तो बेटे ने आवाज लगाई। जवाब नहीं मिलने पर खिड़की से देखा तो युवक पंखे से लटका मिला। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पढ़िए पूरी खबर… 4. ‘देवी मंदिरों और डांडिया-गरबा में मुस्लिम समुदाय प्रवेश नहीं, लव जिहाद को प्रमोट करने आते हैं शारदीय नवरात्र को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने पुलिस से कई मांगें की हैं। पदाधिकारियों ने गरबा-डांडिया आयोजनों में मुस्लिम युवकों के प्रवेश और मंदिरों के बाहर मुस्लिमों की दुकानें लगाने पर रोक की मांग की। उन्होंने एडीसीपी महिला अपराध स्नेहा तिवारी को पुलिस कमिश्नर के नाम मांग पत्र सौंपा। पढ़िए पूरी खबर… 5. अखिलेश यादव की हिरासत के विरोध में सपाइयों का प्रदर्शन, नवीन मार्केट में धरना सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में कानपुर में सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष फजल महमूद के नेतृत्व में कार्यकर्ता नवीन मार्केट के बाहर धरने पर बैठे और अखिलेश को रिहा करने की मांग की। पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को बस में बैठाकर हिरासत में ले लिया। नौबस्ता में भी धरना दिया गया। पढ़िए पूरी खबर… 6. कारोबारी के घर आ धमकी थाईलैंड वाली पत्नी:बोली- मुझसे शादी कर 60 लाख ठगे; धर्म बदलने को कह रहा कानपुर के चमड़ा कारोबारी ने थाईलैंड की महिला से धोखा देकर 2 साल पहले शादी की। फिर बिजनेस करने के नाम पर 60 लाख रुपए ठग लिए। जब पत्नी ने कारोबारी मोहम्मद इरफान से अपने रुपए वापस मांगे, तो इनकार करने लगा। कारोबारी थाईलैंड से कानपुर आ गया और पत्नी का फोन उठाना बंद कर दिया। सोमवार को महिला उपसॉर्न पति की तलाश में लाटूश रोड स्थित उसके घर पहुंची।पढ़िए पूरी खबर… 7. बिधनू में ट्रक चालक का मंदिर के पिलर से लटका मिला शव: पत्नी से विवाद के बाद घर से निकला था बिधनू में पत्नी से विवाद के बाद घर से निकले ट्रक चालक का शव मंगलवार सुबह निर्माणाधीन मंदिर के पिलर से लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि शुरुआती जांच में पुलिस और फोरेंसिक टीम इसे सुसाइड मान रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होगी। पढ़िए पूरी खबर… 8. रावतपुर-कंपनी बाग रोड पर 2km में मुसीबत का सफर: जगह-जगह जलभराव और उखड़ी सड़क रावतपुर से कंपनी बाग जाने वाली करीब दो किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क इन दिनों राहगीरों और वाहन सवारों के लिए परेशानी बनी हुई है। सड़क जगह-जगह उखड़ी है और कंकरीट बिखरी पड़ी है। कई हिस्सों में पानी भरा है, जबकि गहरे गड्ढे हादसे का खतरा बने हैं। दैनिक भास्कर की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी। पढ़िए पूरी खबर… 9. UP की अंडर-19 महिला T20 टीम में कानपुर की 4 खिलाड़ी: 9 अक्टूबर को बिहार से पहला मुकाबला UPCA ने BCCI की अंडर-19 महिला T20 ट्रॉफी के लिए उत्तर प्रदेश की 16 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। टीम में कानपुर की चार खिलाड़ियों निशा वर्मा, नंदनी सिंह, सिद्धी मिश्रा और विदुषी मिश्रा को जगह मिली है। आगरा की सान्वी भाटिया टीम की कप्तान होंगी। यूपी टीम 9 अक्टूबर को मुंबई में बिहार के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगी। पढ़िए पूरी खबर… 10.CM ग्रिड के काम में देरी पर अल्टीमेटम: कानपुर में नगर आयुक्त बोले- ठेकेदार ब्लैकलिस्ट होगा कानपुर में चल रहे सीएम ग्रिड के काम में लापरवाही पर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को उन्होंने जोन-1 में ग्रीन पार्क चौराहे से परेड होते हुए घंटाघर तक सीएम ग्रिड सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रीन पार्क चौराहे के आसपास सड़क की खुदाई के कारण राहगीरों को हो रही परेशानी पर नाराजगी जताई। 3 से 4 दिन में काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

