महोबा में दिल्ली में अखिलेश यादव और राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने शहर के आल्हा चौक पर चक्काजाम कर सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद पुलिस को चकमा देकर दर्जनों कार्यकर्ता अंबेडकर पार्क पहुंचे और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंक दिया। प्रदर्शनकारी बाद में कोतवाली पहुंचे और घेराव कर अखिलेश यादव की रिहाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान महोबा के पूर्व सपा विधायक अरिमर्दन सिंह नाना ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने चुनाव आयोग को बर्खास्त करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो चुनाव आयुक्त को मारा जाएगा। पूर्व विधायक के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 2027 के चुनाव और निकाय चुनावों पर उठाए सवाल पूर्व विधायक ने अपने बयान में 2027 के विधानसभा चुनाव और पिछले निकाय चुनावों की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर आपत्ति जताते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सपा नेताओं ने लगाया वोट चोरी का आरोप सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अजय राज यादव और नेता अर्पित यादव ने कहा कि देश में वोट चोरी के खिलाफ दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे पार्टी के शीर्ष नेताओं को असंवैधानिक तरीके से गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि इसी के विरोध में महोबा में मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला जलाया गया। दोनों नेताओं ने चुनाव में धांधली करने के आरोपियों के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें उठाईं।

