यमन (Yemen) के हूती विद्रोहियों (Houthis) के खिलाफ सऊदी अरब (Saudi Arabia) समर्थित यमन की सरकारी सेना के हमलों के बाद अब हूतियों ने बदला लेने के लिए सऊदी अरब पर एक बार फिर हमले शुरू कर दिए हैं। सोमवार की शाम को हूतियों ने सऊदी अरब पर हमले शुरू कर दिए और अभी भी इसका सिलसिला जारी है। कुछ देर पहले हूतियों ने एक बार फिर सऊदी अरब को दहलाया।
रियाद में सुनाई दिए धमाके
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कुछ देर पहले ही सऊदी अरब की राजधानी रियाद (Riyadh) में धमाके सुनाई दिए हैं। बताया जा रहा है कि ये धमाके हूतियों के हवाई हमलों का नतीजा है। सोमवार को भी हूतियों ने रियाद को दहलाया था।
कई जगह किए हमले
सोमवार को हूतियों ने सऊदी अरब में कई जगह हमले किए। इनमें रियाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अरामको रिफाइनरी और सऊदी अरब के सैन्य ठिकाने शामिल हैं। इन हमलों से सऊदी अरब को नुकसान भी हुआ। अरामको रिफाइनरी पर हमले से सऊदी अरब की तेल उत्पादन क्षमता पर असर पड़ना तय है। इससे दोनों पक्षों के बीच हालात और बिगड़ सकते हैं।
3 लोग घायल
सऊदी अरब की सिविल एविएशन अथॉरिटी के अनुसार सोमवार शाम को सऊदी अरब के जाज़ान स्थित किंग अब्दुल्ला बिन अब्दुलअज़ीज़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट और नजरान इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दो हमले हुए, जिनके पीछे हूतियों का हाथ बताया जा रहा है। इन हमलों में 3 लोग घायल हो गए। दोनों एयरपोर्ट्स को भी हमलों की वजह से नुकसान पहुंचा।
यमन की सेना ने हूतियों को दिया झटका
इससे पहले यमन की सेना ने सोमवार को हूतियों के खिलाफ अपनी सैन्य कार्रवाई तेज़ करते हुए उन्हें झटका दे दिया। यमन की सरकारी सेना, जिससे सऊदी अरब का समर्थन प्राप्त है, ने बाब अल-मन्देब स्ट्रेट (Bab al-Mandeb Strait) पर कब्ज़े का दावा किया। इसके अलावा ताइज़ प्रांत के तटीय शहर धुबाब और पास के एक एयरपोर्ट पर भी यमन की सेना ने फिर से कब्ज़ा कर लिया। सैन्य ब्रिगेडियर-जनरल माजिद अल-नुज़ैली ने बताया कि इससे इलाके में सेना की पकड़ मज़बूत हो गई है। लाल सागर के पास के कई तटीय इलाकों में हूतियों के कई ठिकानों पर यमनी सेना ने हमले किए।


LIVE updates: