जींद के नागरिक अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर में महिला से छेड़छाड़ के आरोपी ओटीए ने कमेटी के सामने अपने बयान दर्ज करवा दिए है। जिसमें कहा कि कि वह ड्रेसिंग करते समय बिटाडीन साफ कर रहा था। ड्रेसिंग करते समय सफाई कर्मी के भी ओटी में मौजूद होने का भी दावा किया है। सफाई कर्मी के बयान आरोपी के बयान से मैच नहीं हो रहे हैं। हालांकि अभी तक पीड़िता के कमेटी के सामने पेश होने या फिर पुलिस को शिकायत देने की सूचना नहीं है। जानिए किसने अपने बयान में क्या कहा बिटाडीन की थी साफ:- ओटीए अजय ने अपने बयान में कहा कि जब वह ड्रेसिंग कर रहा था, तब सफाई कर्मी ओटी में मौजूद था। ड्रेसिंग करते समय बिटाडीन फैल गई थी। जिसको उसने साफ किया था। ओटी से महिला बिल्कुल ठीक- ठाक बाहर निकली थी। बाहर जाने के बाद जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो उसने ही बीपी इत्यादि की जांच की थी। औजार साफ करने गया:- सफाई कर्मी ने कहा कि जब ओटीए ड्रेसिंग कर रहा था, उसे औजार साफ करने भेज दिया था। वापस आने के बाद वह व्हील चेयर लेने के लिए चला गया। जब महिला ऑपरेशन थियेटर से बाहर आई तो अपने पति का हाथ पकड़ने रोने लगी, परंतु कुछ बोली नहीं। वार्ड में जाने के बाद क्या हुआ मुझे पता नहीं। जानिए क्या था मामला 29 सितंबर को एक महिला नसबंदी का ऑपरेशन करवाने जिला नागरिक अस्पताल में आई थी। महिला ने परिजनों के साथ ऑपरेशन के बाद ऑपरेशन थियेटर सहायक अजय पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे। जिससे अस्पताल में हंगामा हो गया था। बाद में दोनों को सीएमओ के सामने पेश किया गया। जहां महिला ने सीएमओ के सामने मौखिक रूप से आपबीती बताई। सीएमओ ने मामला संज्ञान में आने के बाद जांच कमेटी का गठन किया था। इसके साथ ही आरोपी ओटीए को ऑपरेशन थियेटर से हटाकर दूसरी जगह लगा दिया था। शाम को डीसी नागरिक अस्पताल का दौरा करने अस्पताल पहुंची थी। अपने दौरे के दौरान डीसी ऑपरेशन थियेटर भी पहुंची थी। जांच रिपोर्ट नहीं देखी सीएमओ डॉ. सुमन कोहली ने कहा कि नागरिक अस्पताल की कमेटी को जांच सौंपी थी। कमेटी के सामने किसने अपने बयान दर्ज करवाए और क्या कहा, इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। जांच रिपोर्ट देखने के बाद ही इस बारे में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकता है। कमेटी की रिपोर्ट के अनुसार ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

