70 साल की लेडी गैंग लीडर की कहानी:पंजाब में शराब-ड्रग तस्करी, अब हरियाणा के मंदिर निशाने पर; रिश्तेदार महिलाओं को जोड़कर बनाया गिरोह

70 साल की लेडी गैंग लीडर की कहानी:पंजाब में शराब-ड्रग तस्करी, अब हरियाणा के मंदिर निशाने पर; रिश्तेदार महिलाओं को जोड़कर बनाया गिरोह

पंचकूला के प्रसिद्ध पटियाला मंदिर में महिला श्रद्धालु के हाथ से सोने का कड़ा चोरी करने वाली महिलाओं के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, चोरी करने वाली महिलाओं ने बाकायदा गिरोह बना रखा था और इसकी सरगना 70 साल की लक्ष्मी कौर है। पंजाब की रहने वाली लक्ष्मी कभी नशा और शराब तस्करी से जुड़ी थी। नशा तस्करी के मामलों में जेल जाने के बाद उसने यह धंधा छोड़ा और अपनी रिश्तेदार महिलाओं को जोड़कर चोरी का गिरोह बना लिया। इस गैंग का प्रमुख निशाना मंदिर होते थे, जहां भीड़ में महिलाओं को घेरकर उनके जेवर चोरी किए जाते थे। अब जानिए महिला लक्ष्मी की कहानी… पंचकूला के पटियाला मंदिर में 3 तोले का कड़ा चोरी इसी तरीके से 26 मार्च 2026 को गैंग की महिलाएं पंचकूला के मनसा देवी कॉम्प्लेक्स स्थित पटियाला मंदिर पहुंचीं। सेक्टर-4 पंचकूला निवासी एक व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ भंडारे का भोग लगाने आया था। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं ने उसकी पत्नी के हाथ से करीब 3 तोले का सोने का कड़ा चोरी कर लिया। कुछ देर बाद महिला को हाथ का वजन हल्का महसूस हुआ। उसने देखा तो कड़ा गायब था। इसके बाद उसने शोर मचाया। पुलिस ने मंदिर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली तो उसमें लक्ष्मी कौर और उसके साथ आई अन्य महिलाएं दिखाई दीं। कई दिन की तलाश के बाद पंजाब की महिलाओं तक पहुंची पुलिस CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने महिलाओं की पहचान के प्रयास शुरू किए। काफी दिनों की जांच के बाद पुलिस को इनके पंजाब से जुड़े होने की जानकारी मिली। पुलिस ने इनके ठिकानों पर रेड की तो महिलाओं ने पंचकूला कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर कर दी। कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने कहा कि ऐसे व्यक्तियों को अग्रिम जमानत देना न्याय के हित में नहीं होगा, क्योंकि यह समाज में आपराधिक प्रवृत्तियों को बढ़ावा देने और गैरकानूनी गतिविधियों को प्रोत्साहन देने जैसा होगा। नई वारदात के लिए जीरकपुर पहुंचीं, पुलिस ने घेर लिया इसके बाद लक्ष्मी कौर और कर्मजीत कौर चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए जीरकपुर पहुंचीं। पंचकूला क्राइम ब्रांच-3 की टीम को गुप्त सूचना मिली कि दोनों महिलाएं किसी नई वारदात की फिराक में जीरकपुर आई हुई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की और लक्ष्मी कौर व कर्मजीत कौर को पकड़ लिया। दोनों को पुलिस पंचकूला लेकर आई। रिमांड के दौरान क्राइम ब्रांच की टीम उन्हें उनके घर भी लेकर गई। सरगना पर 10, साथी पर 4 केस पुलिस के मुताबिक, 70 वर्षीय लक्ष्मी कौर के खिलाफ पहले से चोरी, नशा तस्करी और अवैध शराब तस्करी के करीब 10 मामले दर्ज हैं। वहीं 58 वर्षीय कर्मजीत कौर उर्फ गुड्डी के खिलाफ हेरोइन तस्करी और चोरी के 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *