Vidyut Jammwal Fight: एक्टर विद्युत जामवाल इन दिनों अपनी हॉलीवुड डेब्यू फिल्म ‘स्ट्रीट फाइटर’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में वह धालसिम का किरदार निभाते नजर आएंगे। सोमवार को मुंबई में फिल्म के एक इवेंट के दौरान विद्युत ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान एक रिपोर्टर ने जब उनसे बॉलीवुड के किसी दूसरे एक्टर को लेकर सवाल करना शुरू किया, तो विद्युत ने मजाकिया अंदाज में उन्हें रोक दिया।
‘तू कम्पेरिजन कब बंद करेगा’
दरअसल, रिपोर्टर ने विद्युत से पूछा, “बॉलीवुड में अगर आपको किसी हीरो के साथ” इससे पहले कि वह अपना सवाल पूरा कर पाते, विद्युत ने उन्हें रोक दिया। उन्होंने कहा कि तुलना वाले सवाल कब तक पूछे जाएंगे।
विद्युत ने मजाकिया अंदाज में कहा कि हॉलीवुड में उनके दोस्त की सफलता के बारे में सवाल किया जाना चाहिए। उन्होंने रिपोर्टर से कहा कि ऐसे सवाल पूछे जाने चाहिए कि, “विद्युत, क्या हुआ यार? तूने कैसे कर दिया?” इसके बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए रिपोर्टर से कहा,“चुप रहो! दोस्त वाला सवाल पूछो।” विद्युत ने यह भी कहा कि उन्हें पहले से पता था कि उनसे इस तरह के कम्पेरिजन वाले सवाल पूछे जाएंगे।
‘तू जिससे लड़वाएगा, मैं कर लूंगा’
इसके बाद रिपोर्टर ने विद्युत से पूछा कि वह बॉलीवुड के किस एक्टर के साथ लड़ना चाहेंगे। इस पर एक्टर ने भी उसी अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, “तू जिससे लड़वाएगा मैं कर लूंगा। तू किससे करवाना चाहता है फाइट। मुझे मैसेज करके बताना दुश्मन का नाम।”
विद्युत का ये मजेदार अंदाज अब इवेंट के उस हिस्से को चर्चा में ले आया है, जिसमें उन्होंने कम्पेरिजन वाले सवाल से बचते हुए अपने हॉलीवुड डेब्यू पर बात करने की बात कही।
‘स्ट्रीट फाइटर’ में धालसिम बनेंगे विद्युत
विद्युत जामवाल ‘स्ट्रीट फाइटर’ से हॉलीवुड में डेब्यू करने जा रहे हैं। फिल्म में वह धालसिम का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म में नोआ सेंटीनो, एंड्रयू कोजी, कैलिना लियांग, जो ‘रोमन रेंस’ अनोई, डेविड डस्टमालचियन, कोडी रोड्स, एरिक आंद्रे, एंड्रयू शुल्ज, कर्टिस ‘50 सेंट’ जैक्सन और जेसन मोमोआ भी नजर आएंगे। ‘स्ट्रीट फाइटर’ 16 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी।

