झालावाड़ में कोटा संभाग की अतिरिक्त निदेशक डॉ. अंजना शर्मा ने सोमवार को जिले के कई सरकारी आयुर्वेद औषधालयों और अस्पतालों का अचानक दौरा किया। उन्होंने पनवास, बकानी, ल्हास घाटोली, चुरेलिया और अकलेरा समेत विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्थाएं देखीं। डॉ. शर्मा ने डॉक्टरों, कंपाउंडरों और परिचारकों से दवाइयों की उपलब्धता, मरीजों की जांच और इलाज की जानकारी ली। उन्होंने संस्थानों में साफ-सफाई, स्टाफ की समय पर उपस्थिति और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का भी जायजा लिया। मरीजों से लिया फीडबैक
अतिरिक्त निदेशक ने इलाज के लिए आए मरीजों से भी व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं पर फीडबैक लिया। मरीजों ने बताया कि औषधालयों में व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं। दवाइयां उपलब्ध हैं और स्टाफ समय पर सेवा दे रहा है।
डॉ. शर्मा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलें और संस्थानों की व्यवस्थाएं ठीक रखी जाएं। उन्होंने साफ-सफाई, स्टाफ की उपस्थिति और दवा उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

