सोमवार को कुशीनगर में तेज बारिश और आंधी के कारण तुर्कपट्टी-कसया मुख्य मार्ग पर छहूँ के पास एक पेड़ सड़क पर गिर गया। इससे सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई और रास्ता घंटों तक बंद रहा। यह घटना तुर्कपट्टी बाजार के पास हुई। स्कूल की छुट्टी के समय बड़ी संख्या में बच्चे और उनके अभिभावक भी जाम में फंस गए। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। स्थानीय भाजपा नेताओं ने पुलिस और बिजली विभाग को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने पहल करते हुए पेड़ की डालियां कटवाईं। स्थानीय लोगों और प्रशासन के सहयोग से पेड़ को सड़क से हटाया गया। इसके बाद रास्ता दोबारा खुल गया और गाड़ियों का आना-जाना शुरू हो सका। थानाध्यक्ष तुर्कपट्टी आलोक कुमार ने बताया कि बिजली विभाग के सहयोग से रास्ता साफ कराया गया और यातायात सामान्य हो गया है।

