धार के राजगढ़ में सरदारपुर रोड स्थित दो ऑनलाइन सेंटरों में सेंधमारी कर चोरी करने वाले 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों सेंटरों में 4 अक्टूबर की रात चोरी हुई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की कंप्यूटर स्क्रीन और फिंगरप्रिंट मशीन बरामद की हैं। चोरी की सूचना मिलने के बाद राजगढ़ थाना पुलिस ने सेंटरों और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। जांच के बाद पुलिस ने संजय कॉलोनी निवासी सतपाल पिता रामा सिकलीगर (22), काना पिता शंकर राठौड़ (24) और प्रवीण पिता लाला भूरिया (26) को पकड़ा। पुलिस पूछताछ में तीनों ने 4 अक्टूबर की रात ऑनलाइन सेंटरों के पीछे से सेंध लगाकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के पास से चोरी की कंप्यूटर स्क्रीन और फिंगरप्रिंट मशीन जब्त की गई। पुलिस आरोपियों से यह भी पूछताछ कर रही है कि उन्होंने राजगढ़ या आसपास के क्षेत्रों में चोरी की अन्य वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।

