जिले के गुनौर विधानसभा क्षेत्र के सहेलवारा गांव में कुछ लोगों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़ दी। खबर फैलते ही इलाके में गुस्सा फैल गया। भीम आर्मी के सुनील टाइगर और जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह जाटव अपने समर्थकों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी बलवीर सिंह और तहसीलदार ने लोगों को भरोसा दिया कि 24 घंटे के अंदर डॉ. अंबेडकर की नई प्रतिमा लगा दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जमीन की नाप कराकर बाउंड्रीवॉल बनाई जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी। युवा नेता जितेंद्र सिंह जाटव ने पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई की तारीफ की। उन्होंने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने प्रतिमा स्थल पर बाउंड्री बनाने के लिए 5 बोरी सीमेंट और सीसीटीवी कैमरे लगाने में मदद करने का ऐलान भी किया। भीम आर्मी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी प्रशासन से प्रतिमा स्थल की सुरक्षा, जमीन की नाप और बाउंड्री बनाने का काम जल्दी पूरा करने की मांग की।

